जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र स्थित चंडी धाम मंदिर परिसर से चांदी का मुकुट, सोने की नथिया और अन्य चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी राजकिशोर शुक्ला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुजारी के अनुसार 19 अगस्त को एक व्यक्ति मंदिर परिसर में पहुंचा। उसने अपना नाम योगी कमलेंद्र नाथ और खुद को गोरखपुर का निवासी बताया। बताया गया कि वह 21 अगस्त तक मंदिर परिसर में ठहरा रहा और इस दौरान साफ-सफाई के काम में भी हाथ बंटाता रहा।
आरोप है कि इसी दौरान उसने मंदिर की आलमारी की चाबी हासिल कर ली और उसमें रखे चांदी के मुकुट, करीब 500 ग्राम सोने की नथिया तथा चांदी के अन्य आभूषण लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी होने पर मंदिर के पुजारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुजारी की तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

