Jaunpur News जौनपुर: बेटी की शादी से पहले घर में चोरी, गहने और नकदी ले गए चोर; दो के खिलाफ केस

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बड़ेरी पुलिस चौकी अंतर्गत बेलौनाखुर्द गांव में घर का ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना 9 सितंबर की रात की बताई जा रही है।



गांव निवासी संगीता पाल के अनुसार उनकी बेटी की शादी तय है और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। उनके पति परदेश में रहते हैं, जबकि शादी की तैयारियों के लिए उनका बेटा और बेटी मुंबई से घर आए हुए थे।


पीड़िता के मुताबिक, रात करीब 12 से एक बजे के बीच परिवार के सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और बगल के कमरे का ताला तोड़ दिया।


आरोप है कि चोर कमरे में रखी पेटी और अटैची को घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में ले गए। वहां पेटी और अटैची तोड़कर उसमें रखे गहने और नकदी निकाल लिए गए।


रात में खटपट की आवाज सुनकर संगीता पाल की नींद खुली तो उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया। इसके बाद उन्होंने एक परिचित को फोन कर बुलाया और दरवाजे की कुंडी खुलवाई। बाहर निकलने पर परिवार को घर में चोरी होने की जानकारी मिली।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। घर से कुछ दूरी पर खेत में पेटी और अटैची टूटी हुई हालत में बरामद हुई।


पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव निवासी पवन यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)