जौनपुर। विशाल यादव हत्याकांड के बाद सड़क जाम कर हंगामा करने और उपद्रव फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लाइन बाजार थाना पुलिस ने मामले में वांछित आठ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
विशाल यादव की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान हंगामा और उपद्रव की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और जानलेवा हमला करने समेत कई गंभीर आरोप सामने आए थे।
मामले में लाइन बाजार थाने में मुकदमा संख्या 379/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के बाद आठ आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी।
गिरफ्तार किए गए लोगों में रसैना निवासी सौरभ यादव, तिवारीपुर निवासी राहुल यादव, कुद्दूपुर श्रीनगर निवासी प्रियांशु यादव, कुद्दूपुर निवासी पतिराम यादव, कादीपुर निवासी प्रवीण कुमार सिंह उर्फ शनि सिंह, रंजीतपुर निवासी लल्लन सोनकर, पचोखर निवासी अमित मौर्या उर्फ नाटे और रंजीतपुर निवासी हरेराम यादव शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दंगा और उपद्रव फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं तथा 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में लाइन बाजार पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

