जौनपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विवाहिता और एक किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के दो मामले सामने आए हैं। सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
पहली घटना सरपताहां थाना क्षेत्र के डेहरी गांव की बताई जा रही है। गांव निवासी प्रदीप कुमार गौतम की 23 वर्षीय पत्नी रागीनी गौतम शनिवार तड़के अपने घर के एक कमरे में मृत पाई गईं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि रागीनी का मायका इसी थाना क्षेत्र के मित्तूपुर पूरेदरियांव गांव में था। उनकी शादी करीब ढाई वर्ष पहले हुई थी और उनका आठ माह का एक पुत्र भी है। घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
वहीं दूसरी घटना खुटहन थाना क्षेत्र के सुईथा गांव की है। गांव निवासी राम सजन पासवान की 18 वर्षीय पुत्री रेखा पासवान शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपने घर में मृत पाई गईं।
घटना की सूचना मिलते ही खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

