जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के ग्राम पनौली में हुई महिला की हत्या की दर्दनाक घटना के बाद मृतका गुड़िया, पत्नी मुक्तार अहमद, का शव आखिरकार सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। विदेश में रह रहे पति और अन्य परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा था। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर को नवनिर्मित मकान में फर्नीचर का काम कराए जाने के दौरान हुए विवाद के बाद गुड़िया की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। पुलिस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जांच कर रही है।
घटना के समय मृतका के पति मुक्तार अहमद विदेश में थे, जबकि उनके दोनों पुत्र अहमदाबाद में मौजूद थे। परिजनों के दूर होने के कारण उनके आने का इंतजार किया गया और शव को सुरक्षित रखा गया।
बताया जाता है कि 8 सितंबर की दोपहर मृतका के दोनों पुत्र घर पहुंच गए। इसके बाद 9 सितंबर की दोपहर मृतका के पति मुक्तार अहमद भी ब्रूनेई से घर लौट आए।
सभी परिजनों के पहुंचने के बाद 9 सितंबर की शाम करीब 5 बजे नम आंखों और गमगीन माहौल के बीच मृतका गुड़िया के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित मौजूद रहे। पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर मौजूद लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

