जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला बस स्टॉप के पास कोटिला गांठ स्थित एक बगीचे में रविवार सुबह युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऊंचगांव निवासी संतोष गौतम (37) के रूप में हुई है। वह जमौली गांव के कम्मरपुर मोड़ पर एलकेएस डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन करते थे। संतोष बीते 3 जुलाई की रात से लापता थे। करीब ढाई महीने बाद उनका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ बच्चे कोचिंग पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बगीचे में बेल के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, संतोष गौतम अपने पिता अलगू गौतम के दो पुत्रों में छोटे थे और अविवाहित थे। वह बीते 3 जुलाई की रात घर से लापता हो गए थे। परिवार के लोग अपने स्तर से उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। घर से करीब तीन किलोमीटर दूर उनका शव मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर सरपतहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया। नवागत क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

