जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बरसठी बाजार में नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर बरसठी पुलिस ने आरोपी टेलर शौकत अली को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि किशोरी बरसठी बाजार स्थित टेलर की दुकान पर कपड़ा सिलाने गई थी। इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस के संज्ञान में पहुंचा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, कुछ ही घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

