जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र से गुरुवार को गोमती नदी में लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी का शव शुक्रवार को जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव स्थित रेलवे पुल के पास नदी से बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के शकरमंडी मोहल्ला निवासी राकेश कुमार मौर्य की 15 वर्षीय पुत्री परी मौर्य गुरुवार दोपहर शाही पुल के पास गोमती नदी में चली गई थी। घटना की जानकारी के बाद उसकी तलाश की जा रही थी।
शुक्रवार दोपहर जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव स्थित रेलवे पुल के पास गोमती नदी में किशोरी का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी के नदी में जाने के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

