जौनपुर। सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, सिंगरामऊ द्वारा संचालित डीडीयू-जीकेवाई 2.0 आवासीय ट्रेनिंग सेंटर, बदलापुर में गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मां दुर्गा जी महाविद्यालय के प्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह ‘मुन्ना’ ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर उपेंद्र सिंह एवं सूर्यांश सिंह ने भी गोष्ठी को संबोधित किया और गांधी जी तथा शास्त्री जी के विचारों की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।
संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने चार माह के फैशन डिजाइनिंग कोर्स के सभी प्रशिक्षणार्थियों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। इसके बाद परियोजना से जुड़े स्टाफ, संस्था के कार्यकर्ताओं और प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। सभी ने परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लए सामूहिक प्रयास किया।
कार्यक्रम का संचालन सुरेश त्रिपाठी ने किया। इस दौरान संस्था की ओर से महेंद्र शुक्ला, रचन नंदा, रितिका सिंह, अंकिता सिंह, सौम्या सिंह, लालमणि मिश्रा, शीला पाल, जागृति सिंह सहित अन्य कर्मचारी और सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

