जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के खरगसीपुर गांव में दुर्गा पूजा के पोस्टर में फोटो नहीं छापे जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने मारपीट के दौरान भाला और गड़ासी चलाने का आरोप लगाया है।
बताया गया कि गांव के ही सुमित के दरवाजे पर दुर्गा पूजा के पोस्टर में फोटो नहीं छापे जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। आरोप है कि कुछ समय बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट में एक पक्ष से सोनू (21) पुत्र रामसेवक, रामसेवक (60) पुत्र सहदेव और बसंती देवी (60) पत्नी रामसेवक घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से प्रिया (22) पुत्री गरीब, तारा देवी (55) पत्नी स्वर्गीय गरीब और आशीष (18) पुत्र गरीब के घायल होने की जानकारी है।
रामसेवक ने दूसरे पक्ष के आशीष पर गड़ासी और भाला चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

