वादकारी आपसी सुलह-समझौते से करा सकेंगे मामलों का निस्तारण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की अपील
जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संबंधित वादकारियों से लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का निस्तारण कराने की अपील की गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील शशि के निर्देशन में विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एनआई एक्ट की धारा 138 के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित मामलों के वादकारी विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति और सुलह-समझौते के जरिए अपने मामलों का निस्तारण करा सकते हैं।
सचिव ने संबंधित वादकारियों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराकर न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाएं।
