जौनपुर।सरपतहां थाना क्षेत्र में एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर रात के समय घर में घुसकर छेड़खानी करने और विरोध करने पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, मंगलवार की अल-सुबह करीब तीन बजे की है। महिला ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पलिया गांव निवासी पीड़िता ने गांव के ही त्रिलोकी नाथ प्रजापति पर गम्भीर आरोप लगाया है। आरोपी तहसील में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। महिला का दावा है कि आरोपी गांव की अन्य महिलाओं के साथ भी गलत हरकत करता है और कुछ मामलों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। पीड़िता ने बताया कि घटना वाली रात वह घर के बरामदे में सो रही थी। परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग चारपाइयों पर सोए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी अचानक पहुंचा और मच्छरदानी हटाकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने जबरदस्ती करने का भी प्रयास किया। शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग गया।
महिला के अनुसार, घटना के बाद उसने अपनी इज्जत और सुरक्षा के मद्देनजर डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद वह शिकायत लेकर थाने पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के सामने भी आरोपी ने गाली-गलौज और अभद्रता की तथा कार्रवाई कराने पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपनी पहुंच और प्रभाव का हवाला देते हुए उसे डराने का प्रयास किया। पीड़िता ने घटना से संबंधित वीडियो होने की बात भी कही है।पीड़िता ने थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
