बेलव पुल के पास बहन के साथ जा रहे युवक को रास्ते में रोककर किया हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बेलव पुल के पास दिनदहाड़े बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। रास्ते में रोककर किए गए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घायल की पहचान भीरमपुर निवासी पंकज कुमार (38) पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि उनकी ड्यूटी अमहित में है।
जानकारी के अनुसार, पंकज अपनी बहन पूनम देवी के साथ बाइक से जौनपुर आए थे। इसी दौरान बेलव पुल के पास बाइक सवार दो से तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनके हेलमेट पर वार किया और फिर हाथ पर चाकू से कई प्रहार कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले के दौरान पूनम देवी मदद के लिए गांव की ओर दौड़ीं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल पंकज को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। उनके हाथ पर चाकू से गंभीर चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में भी पंकज के साथ मुफ्तीगंज क्षेत्र में इसी तरह की घटना हुई थी। हालांकि, इस बार हुए हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
