हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के छताई कला गांव में गुरुवार सुबह जहरीले जंतु के काटने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। युवक सुबह शौच के लिए गांव के पास स्थित बगीचे में गया था, जहां उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, छताई कला निवासी श्याम चौहान पुत्र रामधनी गुरुवार सुबह गांव के समीप गौरइया बगीचे में शौच के लिए गया था। इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन आनन-फानन में उसे राजकीय पुरुष चिकित्सालय, शाहगंज लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
