Jaunpur News जौनपुर: गुरैनी पेट्रोल पंप के पास कार–बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो सगे भाई गंभीर

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0



 खेतासराय (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र में गुरैनी पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार पोरई खुर्द गांव निवासी रामसूरत बिंद के पुत्र राज (23) और रोशन (20) बाइक से जौनपुर दवा लेने गए थे। लौटते समय गुरैनी पेट्रोल पंप के सामने जौनपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित बीएमडब्ल्यू कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल जौनपुर भिजवाया। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)