जौनपुर। जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रविवार को निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की गहन समीक्षा की और उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सभी सामग्री उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि लगभग 179 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने से जिला कारागार के संचालन में उल्लेखनीय सुधार और गति आएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने श्रमिकों से श्रम पोर्टल पर पंजीकरण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही बढ़ती ठंड को देखते हुए मौके पर ही श्रमिकों के बीच कंबल वितरित किए। कंबल पाकर महिला श्रमिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिकगण उपस्थित रहे।
(आवाज़ न्यूज़
.png)
