आवाज़ न्यूज़ संवाद | बदलापुर (जौनपुर)।
शनिवार को ब्लॉक सभागार में एक भावुक और गरिमामयी समारोह के बीच सेवानिवृत्त हो रहे सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राम अवध को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर ब्लॉक कर्मचारियों, ग्राम प्रधानों और सफाईकर्मियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए इसे अनुकरणीय और प्रेरणादायक बताया।
विदाई समारोह में बोलते हुए डॉ. प्रदीप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ ने कहा कि राम अवध का कार्यकाल केवल सरकारी फाइलों के निस्तारण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जो निष्ठा और कर्मठता दिखाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
‘यह विदाई नहीं, नए अध्याय की शुरुआत’
अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने कहा,
“बिछड़न का यह पल स्मृतियों में सदा महकेगा। यह विदाई नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है।”
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राम अवध ने कहा कि ब्लॉक के सभी कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग उन्हें हमेशा याद रहेगा।
उन्होंने भावुक स्वर में कहा,
“यहाँ बिताया गया हर दिन मेरे जीवन की अमूल्य निधि है।”
सम्मान और शुभकामनाएं
समारोह को खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र प्रसाद द्विवेदी, ग्राम प्रधान महमूदपुर संजय सिंह और पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख ओंकारनाथ मिश्रा ने भी संबोधित किया।
इस दौरान प्रधान संघ, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ और सफाई कर्मचारी संघ की ओर से राम अवध को शॉल, स्मृति चिन्ह और बुके भेंटकर सम्मानित किया गया। उपस्थित कर्मचारियों ने नम आंखों से उन्हें विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन आनंद मिश्रा ने किया, जबकि आभार रणजीत सिंह ने व्यक्त किया। समारोह में सचिवगण, ग्राम प्रधान एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
.png)
