आवाज़ न्यूज़ संवाद | जौनपुर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ परीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने शनिवार को विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची से संबंधित कार्यवाहियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने 370-विधानसभा क्षेत्र मड़ियाहूं स्थित स्वामी विवेकानन्द इंटर कॉलेज तथा विकास क्षेत्र बरसठी के कम्पोजिट विद्यालय गोरापट्टी बूथ पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान संबंधित ईआरओ, बीएलओ, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का वाचन कराया गया और विशेष अभियान तिथि के अंतर्गत चल रही गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अनमैप्ड मतदाताओं पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग से प्राप्त अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित नोटिसों की तामील प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि अधिकांश बूथों पर नोटिसों की तामील शत-प्रतिशत अथवा लगभग पूर्ण हो चुकी है, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए अभियान को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए।
.png)
