जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के चिलबिली गांव में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के बरामदे में स्टाल के सहारे संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। मृतक एक माह पूर्व ही दुबई से कमाकर घर लौटा था। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिलबिली गांव निवासी राम सेवक (28) पुत्र राम बुझारत करीब एक महीने पहले दुबई से परिवार के साथ घर आया था। बताया जाता है कि राम सेवक का अपनी पत्नी शशिप्रभा से अक्सर विवाद होता रहता था। दो-तीन दिन पहले भी आपसी विवाद को लेकर थाने में शिकायत की गई थी, जिस पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया था। मंगलवार को भी पत्नी के मायके जाने के बाद फोन पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है।
मंगलवार रात जब मृतक की मां भोजन लेकर बरामदे में पहुंची तो बेटे का शव लटकता देख बदहवास हो गई। मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सरपतहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राम सेवक की पत्नी और उसके भतीजे के बीच नाजायज संबंध थे। इस बात का खुलासा होने पर दोनों की ओर से दी गई धमकियों से आहत होकर राम सेवक ने फांसी लगाई।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष कमल किशोर राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद ही घटना का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
.png)
