जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के भगेरी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब पंचायत भवन के अंदर रखे एक ड्रम से 4 वर्षीय मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बृजेश यादव का पुत्र शिवांश उर्फ ओम (4 वर्ष) शुक्रवार दोपहर घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू कराया। पंचायत भवन के एक कमरे में रखे नीले ड्रम की जांच की गई तो उसके अंदर बच्चे का शव मिला। शव की स्थिति संदिग्ध थी, पैर ऊपर और सिर नीचे था तथा ऊपर से सीमेंट की खाली बोरी रखी गई थी।
पुलिस बच्चे को तत्काल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पुलिस ने पंचायत भवन को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मां फोटो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता गुजरात से घर के लिए रवाना हो चुका है।
.png)
