Jaunpur News गेट के खंभे से गमछे के सहारे लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



जौनपुर।

खेतासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बरजी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव उसके ही घर के गेट के खंभे से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरजी गांव निवासी सुनील राजभर (25 वर्ष) गांव में चिकित्सक के रूप में कार्य करता था। शुक्रवार की सुबह उसका शव घर के अर्धनिर्मित गेट के पिलर से लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव को कब्जे में लेने से इनकार कर दिया और हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि बीती रात करीब 12 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सुनील को घर से बुलाया था। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए गेट पर लटका दिया गया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सुबह जब उन्होंने शव लटका देखा तो प्रथम दृष्टया गला कसे जाने के निशान प्रतीत हो रहे थे।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि गेट के खंभे से शव लटका हुआ पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)