लखनऊ/ आवाज़ न्यूज़
समाजवादी पार्टी को रविवार को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब विभिन्न दलों से जुड़े कई प्रभावशाली नेता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष इन नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल होने वालों में भाजपा, राष्ट्रीय लोक दल और राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी से जुड़े नेता शामिल रहे। बागपत से भाजपा छोड़कर आए रवि बैंसला, बुलंदशहर के कोचिंग संचालक नवीन शर्मा, गाजियाबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह, मोटिवेशनल स्पीकर अमर चौधरी और गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट महेश नागर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा बिजनौर से पूर्व ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, भोपाल सिंह, पूर्व डिप्टी एसपी महेंद्रपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य करणपाल सिंह भुइयार, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह, रालोद के कई पूर्व पदाधिकारी और ग्राम प्रधान भी समाजवादी पार्टी से जुड़े।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में व्यापारी, अधिवक्ता, शिक्षक, छात्र नेता और पंचायत प्रतिनिधि शामिल रहे, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि पार्टी का जनाधार लगातार विस्तृत हो रहा है।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों पर भरोसा जताकर आए नए साथियों से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बदलाव की मजबूत नींव तैयार हो रही है।
कार्यक्रम में सांसद रुचि वीरा, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
.png)

