Jaunpur News जौनपुर पुलिस लाइन में मेगा न्याय सहायता शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 जौनपुर। Aawaz News 



आमजन को न्यायिक और विधिक सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में मेगा न्याय सहायता शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन न्याय समागम–2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील शशि, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कस्तूरबा गांधी विद्यालय एवं पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।

अपने संबोधन में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क न्यायिक सहायता का अधिकार देता है। न्यायपालिका, जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से यह प्रयास किया जा रहा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता का लाभ पहुंचे।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद में न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। न्यायिक परामर्श के माध्यम से वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि समाज के कमजोर और अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना पुलिस और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्रों और साइबर अपराध से बचाव को लेकर आमजन को जागरूक करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इसमें शिक्षा विभाग के शिक्षक, नगर पालिका के सफाई मित्र, पशुपालन, कृषि, उद्यान, मत्स्य, प्रोबेशन, राजस्व, विद्युत, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के लाभार्थी शामिल रहे। दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई और बाल विकास विभाग के स्टॉल पर बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जहां कृषि विभाग द्वारा ड्रोन से उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)