आवाज़ न्यूज़
मछलीशहर (जौनपुर)।
बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पंवारा थाना क्षेत्र स्थित होरिल राव इंटर कॉलेज, कुंवरपुर से अज्ञात चोरों ने दो सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए। घटना 20 फरवरी की रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी परीक्षा शुरू होने के बाद सामने आई।
जानकारी के अनुसार 21 फरवरी की सुबह जब बोर्ड परीक्षा शुरू हुई तो कंट्रोल रूम में लगे मॉनिटर पर मुख्य गेट और स्टाफ रूम की लोकेशन दिखाई नहीं दी। जांच करने पर पता चला कि दोनों स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे गायब हैं। बाद में अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक मुंह पर गमछा बांधे हुए रात करीब तीन बजे अध्यापक कक्ष का रोशनदान तोड़कर अंदर घुसते हुए नजर आए।
केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य रविंद्र नाथ शर्मा ने घटना की लिखित सूचना पंवारा थाने में दी है। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी तक परीक्षा केंद्र पर न तो पुलिस और न ही किसी गार्ड की तैनाती थी, जबकि केंद्र में बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं रखी हुई थीं।
घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लिया और 21 फरवरी की रात से परीक्षा केंद्र पर दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। पंवारा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि कैमरा चोरी की सूचना प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
.png)
