खुटहन (जौनपुर)।
अस्पताल रोड स्थित टीकेयू पब्लिक स्कूल में रविवार को वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रीय गीत, एकांकी नाटक, कव्वाली और सामूहिक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. विजय चतुर्वेदी द्वारा देवी सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने कहा कि परिवार बच्चे की पहली पाठशाला होता है, जहां से शिक्षा और संस्कारों की नींव पड़ती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को कम उम्र में मोबाइल देना उनके सर्वांगीण विकास में बड़ी बाधा बन रहा है, इसलिए बच्चों को मोबाइल से दूर रखना आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन देने की है, जो शिक्षक ही कर सकते हैं। वहीं भारत रत्न अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास भी उतना ही जरूरी है। हमारी संस्कृति हमेशा ज्ञान और संस्कार दोनों पर आधारित रही है।
कार्यक्रम को नगरपालिका चेयरमैन मनोरमा मौर्या, ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह, वरिष्ठ नेता रामचंद्र मिश्रा, विनोद तिवारी, पूर्व प्रधान साधू तिवारी, प्रबंधक सुशील मिश्र, नरसिंह बहादुर सिंह, पद्माकर उपाध्याय (एडवोकेट), अमरनाथ मिश्रा तथा प्रबंधक सुजीत वर्मा (एडवोकेट) ने भी संबोधित किया।
समारोह की अध्यक्षता प्रबंधक साकेत कुमार पाण्डेय ने की, जबकि संचालन पत्रकार प्रमोद पाण्डेय ने किया। छात्रों को मंचीय कला में दक्ष बनाने वाली शिक्षिका मनीषा देवी की विशेष सराहना की गई। अंत में विद्यालय प्रबंधक देवेश उपाध्याय ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
.png)
