Aawaz News
जौनपुर।
लाइनबाज़ार थाना क्षेत्र की चंद्रिका सिंह कॉलोनी में शनिवार रात चोरों ने बेखौफ अंदाज़ में एक पत्रकार के बंद मकान में सेंध लगा दी। महज ढाई घंटे के भीतर घर खाली होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और पूरे घर को खंगाल डाला।
जानकारी के अनुसार, एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र से जुड़े पत्रकार का मकान चंद्रिका सिंह कॉलोनी में स्थित है। इन दिनों परिवार गांव में रह रहा था, जबकि मकान पर उनका पुत्र रहता था। शनिवार शाम करीब 6 बजे पुत्र गांव चला गया, जिसके बाद रात करीब 9 बजे जब पत्रकार अपनी पत्नी के साथ घर लौटे, तो अंदर का नज़ारा देख उनके होश उड़ गए।
चोरों ने घर के मेन गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया और एक-एक कर कमरों की अलमारियों व लॉकरों को तोड़ डाला। पीड़ित के अनुसार चोर सोने की चैन, चांदी की प्लेट, पायल, नारियल, सुपारी समेत करीब दो लाख रुपये के गहने और लगभग सात हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना तत्काल सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता को दी गई, जिसके बाद टीडी कॉलेज चौकी प्रभारी अरविंद यादव मौके पर पहुंचे और कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई गई।
गौरतलब है कि इसी कॉलोनी में पिछले वर्ष 14 नवंबर की रात एक अन्य मकान से करीब 7 लाख रुपये के गहनों की चोरी हो चुकी है। इसके अलावा बाइक चोरी समेत कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही चोरियों से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
.png)
