Ghazipur News सनातन परंपरा के वैदिक मंत्रों के बीच माता दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा, औड़िहार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



औड़िहार (गाजीपुर)। Aawaz News

बाराह मंदिर परिसर स्थित प्राचीन मां दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को सनातन परंपरा के अनुरूप वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता की नव प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठान और भव्य शोभायात्रा के चलते पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

गंगा तट पर स्थित यह दुर्गा मंदिर प्राचीन आस्था का केंद्र रहा है, जिसका हाल ही में पुनर्निर्माण स्थानीय समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता देवराज सिंह ठाकुर के प्रयासों से कराया गया। वाराणसी से आए आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजन कर वैदिक मंत्रों के साथ माता की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा कराई गई।

प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व माता की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा आदित्य बिड़ला घाट से प्रारंभ होकर औड़िहार स्टेशन बाजार, डीह बाबा मंदिर, जौनपुर रोड, उसरहवापार होते हुए औड़िहार गांव स्थित मरी माता मंदिर और मां काली मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजन किया गया। इसके पश्चात शोभायात्रा वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन मार्ग से होती हुई बाराह मंदिर परिसर पहुंची।

पूरे मार्ग में माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु ध्वज-पताकाओं के साथ शामिल हुए, जबकि गाजे-बाजे और चार सुसज्जित घोड़े माता की पालकी के आगे-आगे चलते रहे।

मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सपा युवा नेता नितेश सिंह भोनू की उपस्थिति में पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। आयोजकों के अनुसार, अनुष्ठान के पश्चात लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बाराह मंदिर, शीतला मंदिर और हनुमान मंदिर को फूल-मालाओं और आकर्षक झालरों से सजाया गया था। कार्यक्रम में प्रदीप पाठक, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजन सिंह, मदन सिंह, मोनू सिंह, भरत सिंह, प्रिंस सिंह, रिंकू सिंह, गोलू दाऊ सिंह, रिशू, सोनू सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)