Aawaz News
जनपद के 3 राजकीय व 121 निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान
आवाज़ न्यूज़ संवाददाता
जौनपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में जनपद में चल रही स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के अंतर्गत शुक्रवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिद्दीकपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य मनीष पाल ने की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र के महत्व से अवगत कराते हुए निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने पर जोर दिया गया तथा सभी पात्र युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को विशेष रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता बनने के लिए जागरूक करें। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को ECI Net ऐप डाउनलोड कराया गया और मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
प्राचार्य मनीष पाल ने शिक्षक-इंस्ट्रक्टरों, प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। ऐसे में वे सभी युवा, जो 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 व घोषणा पत्र भरकर अपने बीएलओ को दें या ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता बनें। साथ ही अपने परिवार व आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि जनपद में 3 राजकीय एवं 121 निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हैं, जिनमें निर्वाचन साक्षरता क्लब गठित कर नियमित रूप से मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने छात्रों को ECI Net ऐप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐप के माध्यम से निर्वाचन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, तथा नाम या विवरण में संशोधन अथवा विधानसभा परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
कार्यक्रम में फोरमैन पी.एन. सिंह यादव, आशीष सिंह, अभिनव सिंह, अनिल यादव, शैलेंद्र यादव, सुधीर पांडेय, वैशाली, किरण नागेश्वरी, अनुराग तिवारी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
.png)
