Jaunpur News जौनपुर: प्राथमिक विद्यालय में भीषण चोरी, लाखों का शैक्षणिक सामान ले उड़े चोर | Aawaz

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 Aawaz News 

जौनपुर के महाराजगंज क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय डोमपुर में रात के समय चोरी, इन्वर्टर, टैबलेट, प्रोजेक्टर समेत लाखों का सामान गायब। पुलिस जांच में जुटी।



जौनपुर। महाराजगंज थाना क्षेत्र के विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डोमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय को चोरों ने बीती रात निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के शैक्षणिक व तकनीकी उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह विद्यालय के प्रधानाध्यापक केशव प्रसाद सिंह जब स्कूल पहुंचे और कार्यालय का ताला खोला, तो अंदर का नज़ारा देख दंग रह गए। कार्यालय का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने विद्यालय से स्टेबलाइजर, इन्वर्टर, बैटरी, रेडियो, पीए सिस्टम, टैबलेट, प्रोजेक्टर, खेलकूद सामग्री, ईको क्लब से जुड़ा सामान, वायरिंग का सामान, तीन पंखे, एक्सटेंशन बोर्ड, पांच डायरी और दो बंडल कॉपियां चुरा लीं।

प्रधानाध्यापक के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद प्रधानाध्यापक द्वारा बदलापुर कोतवाली में लिखित तहरीर दी गई। ग्राम प्रधान भूखला देवी और विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष ने भी तहरीर पर हस्ताक्षर कर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शेष कुमार शुक्ला ने बताया कि चोरी की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)