जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के भटपूरा भकड़ी गांव में शुक्रवार रात अचानक लगी आग से एक छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से छप्पर के भीतर रखी गुमटी और घरेलू उपयोग का सारा सामान नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी महंथराज की रोज़ी-रोटी इसी गुमटी के सहारे चलती थी। शुक्रवार रात अज्ञात कारणों से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। छप्पर में दो छोटे गैस सिलेंडर रखे होने के कारण ग्रामीणों ने आग के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटाई।
हालांकि आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए दूर से ही पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग को काफी हद तक काबू में कर लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया।
इस घटना में गुमटी समेत अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, हालांकि ग्रामीणों का अनुमान है कि गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण आग भड़की हो सकती है। पुलिस और प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।

