जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के गभीरन बाजार में शुक्रवार को हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर लौट रहे एक छात्र के साथ दबंगों द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले जिला अस्पताल और फिर हालत बिगड़ने पर वाराणसी बीएचयू रेफर
किया गया है। पुलिस ने मामले में दलित उत्पीड़न अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मोमिनपुर मुडैला गांव निवासी अशोक कुमार सोनकर का 16 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार सोनकर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने एक साथी के साथ बाइक से हाईस्कूल की परीक्षा देकर वापस लौट रहा था। जब वह गभीरन बाजार के पास पहुंचा, तभी सात–आठ की संख्या में मौजूद दबंगों ने उसे रास्ते में घेर लिया।
आरोप है कि दबंगों ने सौरभ को सरेआम लात-घूंसे और डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर मौके से फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को उठाया और उसके परिजनों को सूचना दी।
परिजन छात्र को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे वाराणसी बीएचयू रेफर कर दिया। शनिवार सुबह पीड़ित परिवार ने खुटहन थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले में अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


