Jaunpur News जौनपुर: पंचायत के दौरान चली गोली, गांव में मची अफरा-तफरी, एक आरोपी पकड़ा गया

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। केराकत तहसील के चंदवक थाना क्षेत्र स्थित गोठौली गांव की मुस्लिम बस्ती में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी विवाद सुलझाने के लिए चल रही पंचायत के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। गोली चलने की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई, हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।


जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व केराकत कोतवाली क्षेत्र स्थित अमहित इंटर कॉलेज में परीक्षा के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें तरांव गांव निवासी रोहन घायल हो गया था। इसके बाद मामला शांत माना जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर गोठौली गांव निवासी समीर के साथ मारपीट की घटना सामने आई।


तनाव को खत्म करने के लिए शनिवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान ही समीर के बुलावे पर तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब आठ युवकों के समूह में शामिल एक युवक ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने से पंचायत स्थल पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।


घटना की सूचना मिलते ही चंदवक थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसके पास से एक पिस्टल और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। पकड़े गए युवक की पहचान केराकत क्षेत्र के चौरा गांव निवासी अविनाश पुत्र अशोक के रूप में हुई है।


पुलिस ने बताया कि फायरिंग की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)