Jaunpur News जौनपुर: “बाल विवाह अभी नहीं, कभी नहीं” का गूंजा संकल्प, महिलाओं ने लिया जागरूकता अभियान में हिस्सा

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बदलापुर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सिंगरामऊ स्थित गौरी शंकर मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।



ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीपीएस) विजय कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलन कर किया। संस्था की प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को गहराई से प्रभावित करता है। उन्होंने जनपद को पूर्णतः बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।



कार्यक्रम में बताया गया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के तहत देशभर में 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के अनुसार बाल विवाह संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध है, जिसमें दोषियों को कठोर सजा और जुर्माने का प्रावधान है।




अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह कराने या उसमें सहयोग करने वाले सभी लोग कानूनी कार्रवाई के दायरे में आते हैं। बाल विवाह की सूचना चाइल्डलाइन 1098, स्थानीय पुलिस या सरकारी पोर्टल के माध्यम से दी जा सकती है, जहां शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।


कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गीतों के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया गया। अंत में सैकड़ों महिलाओं और प्रतिभागियों ने “बाल विवाह अभी नहीं, कभी नहीं” का सामूहिक संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)