Aawaz News
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ससुराल में रह रहे एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान संतोष कुमार सरोज (28 वर्ष) पुत्र निवासी सीहीपुर, थाना लाइन बाजार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी सीमा के साथ कौली गांव स्थित ससुराल में रह रहा था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे परिजनों ने उसे कमरे के अंदर पंखे से रस्सी के सहारे लटका देखा, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ससुराल में युवक की मौत की जानकारी पुलिस द्वारा मृतक के भाई को भी दे दी गई है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

