जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के बरैछाबीर गांव निवासी एक मासूम की गाजीपुर जनपद में हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सुजीत यादव का सात वर्षीय पुत्र अभि अपनी मां के साथ गाजीपुर जनपद के सैदपुर स्थित ननिहाल में जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। गुरुवार को समारोह के दौरान मासूम छत पर पतंग उड़ाने चला गया। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अभि कक्षा दो का छात्र था और चंदवक क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में पढ़ता था। मासूम की असमय मौत से विद्यालय में शोक घोषित करते हुए छुट्टी कर दी गई।
ग्रामीणों ने घटना को बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रहे खतरनाक हाईटेंशन तार कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने ऐसे तारों को सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।

