जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के हरी मोड़ पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेतासराय थाना क्षेत्र के नौली गांव निवासी चंदन राजभर (21 वर्ष) पुत्र कैलाश राजभर अपने गांव के ही नीतीश (18 वर्ष) पुत्र नरेंद्र के साथ सोमवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से पेट्रोल भरवाने जा रहा था। जैसे ही दोनों गांव के हरी मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही चंदन राजभर ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं गंभीर रूप से घायल नीतीश का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
.png)
