जौनपुर।
रविवार की शाम युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में सरायख्वाजा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में जुटे थे।
सोमवार को पुलिस टीम कोईरीडीहा चौराहे पर चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि खानपुर अकबर में फायरिंग की घटना में शामिल दो युवक पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल विश्वविद्यालय के पहले गेट के पास पहुंची। मुखबिर के इशारे पर सड़क किनारे एक गुमटी के पास खड़े दो युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। दोनों भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपी बाल अपचारी पाए गए। उनकी पहचान शिवांशु सिंह पुत्र कमलेश सिंह एवं आनंद सिंह पुत्र त्रिवेणी सिंह, निवासी ग्राम अकबर जगदीशपुर, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ थाना सरायख्वाजा में मुकदमा संख्या 59/2026 के अंतर्गत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय, कांस्टेबल विनोद सिंह एवं कांस्टेबल कृष्णानंद यादव शामिल रहे।
.png)
