जौनपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
पहली घटना आजमगढ़–जौनपुर मुख्य मार्ग पर बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार स्थित यूबीआई बैंक के पास सामने आई, जहां शनिवार को सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीतीश यादव (24) पुत्र योगेंद्र यादव, निवासी सेनुरी सरायमीर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में कार्यरत था और शुक्रवार को मौसी के घर गौराबादशाहपुर (जौनपुर) जाने के लिए निकला था। परिजनों ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दूसरी घटना सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के NH-731 (रजनीपुर–मिश्रौली मार्ग) पर हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में महराजगंज थाना क्षेत्र के दऊदहा गांव निवासी रीता पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटू पाल, अमन पाल और सरिता पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
.png)
