महाशिवरात्रि पर शिवमय हुआ बेलवाई धाम, जयकारों के बीच घंटों जाम से जूझे श्रद्धालु

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर/सुल्तानपुर।

महाशिवरात्रि पर्व पर प्रसिद्ध शिवधाम बेलवाई (श्री भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर) शिवमय हो उठा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के बीच आजमगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर और फैजाबाद जनपदों से हजारों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर, प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पुलिस बल के साथ एनसीसी कैडेट्स भी तैनात रहे। बावजूद इसके, ट्रैफिक व्यवस्था की स्पष्ट दिशा-निर्देशों की कमी के कारण कई प्रमुख चौराहों पर घंटों लंबा जाम लग गया।

जाम में फंसे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बेलवाई के प्रमुख बाजार और चौराहों पर भारी वाहनों की आवाजाही के चलते हालात और बिगड़ गए। महाशिवरात्रि के प्रथम दिन मेले में उमड़ी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह दबाव में नजर आई।

गौरतलब है कि महाशिवरात्रि पर्व रविवार को निर्धारित था। इसके मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने शनिवार शाम 8 बजे से रविवार रात 12 बजे तक भारी और मध्यम वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार,

अकबरपुर से आने वाले भारी वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के भेलहरा कट से डायवर्ट किए गए।

शाहगंज की ओर से आने वाले वाहन कलान चौराहे से आजमगढ़ व दोस्तपुर मार्ग की ओर भेजे गए।

बेलवाई–माधवपुर मार्ग से हल्के वाहनों को बाईपास और नहर मार्ग से निकाला गया।

हालांकि, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि डायवर्जन लागू होने के बावजूद ट्रैफिक नियंत्रण में ढिलाई के कारण कई स्थानों पर भारी वाहन एकत्र हो गए, जिससे घंटों जाम लगा रहा और भक्तों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)