जौनपुर।
शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बारादूवरिया मोहल्ले में रविवार को एक किशोरी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
परिजनों के मुताबिक, मोहल्ले के ही एक युवक पर पहले किशोरी को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा था। इस मामले में कुछ माह पूर्व पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था। बाद में जमानत पर छूटने के बाद आरोपी और उसके परिजनों द्वारा किशोरी को कथित तौर पर लगातार ताने देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव और सामाजिक तनाव से आहत होकर किशोरी ने रविवार सुबह करीब 11 बजे घर में रखा कीटनाशक पदार्थ पी लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले को लेकर शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मोहल्ले में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग किशोरी की हालत को लेकर चिंतित हैं।
.png)
