आवाज़ न्यूज़
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखंवा बाजार में रंगदारी को लेकर नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक डॉक्टर को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल डॉक्टर को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जाता है कि बी.के. बंगाली नामक डॉक्टर लखंवा बाजार में निजी क्लीनिक संचालित करते हैं। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाश उनकी डिस्पेंसरी पर पहुंचे और रंगदारी की मांग को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली क्लीनिक के शटर में लगी, दूसरी गोली डॉक्टर के दाएं पैर में जा लगी, जबकि तीसरी गोली हवाई फायर की गई। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
डॉक्टर का आरोप है कि बदमाशों में से एक का नाम शोले सिंह बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बदमाशों की निशानदेही एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए डॉक्टर को अपने साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्शा व घटनास्थल की ओर ले गए।
इस मामले में डॉक्टर की पुत्री कोमा त्रितोनिया ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि करीब छह दिन पहले व्हाट्सएप कॉल के जरिए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई थी और कॉल रिकॉर्डिंग व स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए थे।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रुपेश सिंह ने बताया कि घायल का एक्स-रे कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गोली शरीर के अंदर फंसी है या नहीं।
घटना को लेकर थानाध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
.png)
