जौनपुर।
खुटहन बाजार में बुधवार को एक एलएलबी छात्र और पत्रकार के भतीजे के साथ मारपीट व छिनैती का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर ने न केवल उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि जेब में रखे ₹10 हजार रुपये छीन लिए और महंगा मोबाइल तोड़कर फरार हो गया।
पीड़ित अभिषेक कुमार बिंद, जो खुटहन बाजार स्थित आर.के. इलेक्ट्रॉनिक एवं रेफ्रिजरेटर नामक दुकान पर बैठा था, ने बताया कि उसी दौरान नकबी गांव निवासी राहुल गुप्ता पुत्र रमेश चंद्र गुप्ता दुकान पर आया और बिना किसी कारण के गाली देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अभिषेक का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसकी पैंट की जेब से ₹10,000 नकद छीन लिए और करीब ₹85,000 कीमत का सैमसंग गैलेक्सी नोट-10 प्लस मोबाइल फोन तोड़ दिया, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी और बाद में थाना खुटहन में लिखित तहरीर भी दी। पीड़ित का आरोप है कि मामला थानाध्यक्ष के संज्ञान में होने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिचितों में आक्रोश देखा जा रहा है और पीड़ित ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

