जौनपुर।
मछलीशहर तहसील स्थित उपजिलाधिकारी (न्यायिक) न्यायालय में कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने समाजवादी पार्टी के एक स्थानीय नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के पहसना गांव निवासी सपा नेता जय हिंद यादव पर आरोप है कि उन्होंने 23 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम (न्यायिक) न्यायालय परिसर में तैनात कर्मचारियों से दुर्व्यवहार किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में उपजिलाधिकारी न्यायालय के अनुसेवक आशीष कुमार सिंह की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस पंजीकृत कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।

