जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के ढेलापुर गांव स्थित हाईवे पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हना मऊ गांव निवासी संदीप (20 वर्ष) पुत्र पाखंडी नोना अपने चचेरे भाई विकास (17 वर्ष) पुत्र विजय नोना के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ढेलापुर गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर वाहन की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास का उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
.png)
