जौनपुर।
चंदवक थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में सोमवार शाम पटाखों की चिंगारी से लगी आग ने बड़ा नुकसान कर दिया। आग की इस घटना में सगे भाइयों के तीन मड़हे जलकर पूरी तरह राख हो गए, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुभाष यादव और भोला यादव ने अपने घर के सामने पशुओं के रहने, चारा रखने और घरेलू सामान के लिए बड़े-बड़े मड़हे बना रखे थे। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गांव के कुछ बच्चे मड़हों के पास पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान किसी पटाखे की चिंगारी उड़कर मड़हे में जा गिरी, जिससे आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बाल्टी और सबमर्सिबल पंप के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक मड़हों में रखा पशुओं का चारा, सूखा भूसा, कपड़े, गद्दे, रजाइयां, घरेलू सामान और सिंचाई की पाइपें पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
.png)
