आवाज़ न्यूज़
जौनपुर।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मंगलवार को देर रात पुलिस और कथित गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घटना पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद पिकअप वाहन पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोप है कि वाहन सवार युवकों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
बताया जा रहा है कि पीछा करते समय पिकअप वाहन देवकली नहर पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। इसी दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लग गई। घायल युवक की पहचान मो. सलमान पुत्र मेराज, निवासी ग्राम माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं दूसरा युवक मोनू उर्फ बलवंत बघेल, निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर, मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बीते कुछ समय से अवैध पशु तस्करी की गतिविधियों की चर्चा रही है। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
.png)
