जौनपुर।
जलालपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडरी फाटक के पास बने अवैध कट ने एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा करा दिया। अचानक कार मोड़े जाने के कारण तीन वाहन आपस में टकरा गए, जिससे दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के चलते कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर क्षेत्र के लोहगाजर गांव निवासी करमवीर सिंह अपनी क्रेटा कार से जलालपुर की ओर से जौनपुर जा रहे थे। जैसे ही वह कोडरी फाटक के पास अवैध कट पर पहुंचे, उन्होंने अचानक वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रही एक बस ने क्रेटा कार के अगले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
बस की टक्कर से क्रेटा पीछे की ओर खिसक गई, तभी वाराणसी से जौनपुर की ओर आ रही बोलेरो कार उससे जा टकराई। इस त्रिस्तरीय टक्कर में क्रेटा चालक करमवीर सिंह, बोलेरो सवार मनोज कुमार, उनकी पत्नी अनिता देवी तथा उनके दो बच्चे साक्षी और अंकित कुमार घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थानाप्रभारी गजानंद चौबे, एसआई मोहम्मद शहनवाज व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त तीनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
थानाप्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि अवैध कट पर अचानक कार मोड़े जाने के कारण दुर्घटना हुई है, मामले की जांच की जा रही है।
.png)
