Jaunpur News कोतवाली परिसर में दो पक्षों की महिलाओं के बीच हंगामा, ईंट-पत्थर व चप्पल चले, 10 हिरासत में

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। शहर कोतवाली परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों की महिलाओं के बीच पुराने विवाद को लेकर तीखा हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और ईंट-पत्थर व जूते-चप्पल चलने लगे।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और दोनों पक्षों की करीब दस महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि मामला वर्ष 2018 में पुरानी बाजार क्षेत्र में हुई एक घटना से जुड़ा है, जिसमें एक युवक घायल हुआ था। उसी रंजिश को लेकर शुक्रवार को एक पक्ष की महिला का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया और विवाद शुरू हो गया। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर कुछ महिलाओं को कोतवाली ले आई।

इसके बाद दूसरे पक्ष की महिलाएं भी बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गईं, जहां फिर से हंगामा शुरू हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जुट गई।

इस संबंध में शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 10 महिलाओं को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर चालान किया गया है। मामले की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)