जौनपुर।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ युवकों द्वारा दो नाबालिग छात्रों की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का उपचार व चिकित्सकीय परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मदारपुर गांव निवासी विवेक गौतम (15 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार और अजीत कुमार (16 वर्ष) पुत्र धर्मेंद्र गुरुवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से स्कूल जा रहे थे। जब दोनों छात्र फूलपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पहले से मौजूद लगभग आधा दर्जन मनबढ़ युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने गांव में आकर छेड़खानी करने का विरोध करने पर दोनों छात्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
.png)
