जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज पड़ाव पर रविवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार महराजगंज मेन रोड स्थित शनि फैमिली रेस्टोरेंट एंड बेकरी के संचालक रवी मोदनवाल का डेढ़ वर्षीय पुत्र ‘अभी’ सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे आते ही सुजानगंज की ओर से तेज रफ्तार से गिट्टी, सरिया और सीमेंट लादकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। ट्रॉली के नीचे दबने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तत्काल बच्चे को बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर व चालक हरिगेन बिंद निवासी मजीठी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
.png)
